
चाईबासा : चाईबासा सदर अस्पताल परिसर में शनिवार को प्रोजेक्ट जागृति – बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम के अंतर्गत टीबी मरीजों के लिए पोषण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार की उपस्थिति में जिले के 120 टीबी मरीजों के बीच पौष्टिक आहार और फूड बास्केट का वितरण किया गया।
जानकारी के अनुसार 73 पुराने मरीजों को चौथी बार, 07 मरीजों को दूसरी बार और 40 नए मरीजों को पहली बार पोषक आहार उपलब्ध कराया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मरीजों को नियमित दवा के साथ संतुलित पोषण देकर जल्द स्वस्थ होने में सहायता करना है।
मौके पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि टीबी के उपचार में सिर्फ दवा ही नहीं, बल्कि उचित पोषण और देखभाल भी बेहद जरूरी है। प्रोजेक्ट जागृति के माध्यम से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को ज्यादा जन-केंद्रित बनाया जा रहा है और जरूरतमंद मरीजों को इलाज के साथ पोषण और सामाजिक सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मरीजों को नियमित दवा के साथ पौष्टिक भोजन लेना चाहिए, तभी वे जल्दी ठीक हो सकते हैं। उन्होंने सभी निक्षय मित्रों से अपील की कि वे आगे आकर टीबी मरीजों को गोद लें और इलाज पूरा होने तक उन्हें पोषण सहयोग देते रहें।
निक्षय मित्रों ने निभाई जिम्मेदार
कार्यक्रम के दौरान चाईबासा के कई अधिकारियों ने निक्षय मित्र बनकर मरीजों को गोद लिया। फूड सेफ्टी ऑफिसर धनेश्वर प्रसाद हेंब्रम ने 02 मरीजों को, वरीय चिकित्सा पर्यवेक्षक अवनीश कुमार सिन्हा ने 02 मरीजों को, एक्स-रे टेक्नीशियन खुशबू प्रधान ने 01 मरीज को और एपीआरओ सचिन कुमार ने 01 मरीज को गोद लिया और उन्हें फूड बास्केट प्रदान किया।
जिला प्रशासन का उद्देश्य इस पहल के जरिए मरीजों को नियमित इलाज के लिए प्रेरित करना और उन्हें पोषण व सामाजिक सहयोग देकर जिले को टीबी मुक्त बनाना है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय पर जांच, नियमित उपचार और जागरूकता अभियान लगातार जारी है।
Read Also Chaibasa News : पश्चिम सिंहभूम टी-20 लीग की ट्रॉफी का अनावरण 27 अगस्त को, 22 सितंबर से शुरू होगी लीग

