Home » Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम जिले के 13 अनुसेवी किए गए इधर- उधर, 16 का प्रशासनिक दृष्टिकोण से स्थानांतरण

Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम जिले के 13 अनुसेवी किए गए इधर- उधर, 16 का प्रशासनिक दृष्टिकोण से स्थानांतरण

अनुकंपा नियुक्ति के 5 नए आवेदनों को समिति ने दी मंजूरी, 2 अनुसेवक एवं 3 लिपिक पद पर नियुक्ति की अनुशंसा

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित उपायुक्त के प्रकोष्ठ में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए जयदीप तिग्गा, स्थापना उपसमाहर्ता कुमार हर्ष सहित स्थापना शाखा के कर्मी उपस्थित रहे।

बैठक में जिला स्थापना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समिति द्वारा विचार-विमर्श एवं आवश्यक निर्णय लिया गया। इस क्रम में अनुकंपा के आधार पर नियुक्त 13 अनुसेवियों का जिले के विभिन्न कार्यालयों में पदस्थापन किया गया। वहीं, प्रशासनिक कार्यहित एवं सुचारू कार्य संचालन को ध्यान में रखते हुए 16 अनुसेवियों के स्थानांतरण/पदस्थापन का भी निर्णय लिया गया।

अनुकंपा नियुक्ति के नए आवेदनों की हुई संवीक्षा

बैठक के दौरान सरकारी सेवाकाल के दौरान मृत कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति प्रदान करने के उद्देश्य से प्राप्त 5 नए आवेदनों की संवीक्षा की गई। समिति द्वारा सभी आवेदनों पर निर्धारित प्रावधानों एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर विचार करते हुए सभी 5 आवेदनों को अनुकंपा नियुक्ति हेतु अनुमोदित किया गया।

अनुमोदित आवेदनों में 2 आवेदकों के लिए अनुसेवक पद तथा 3 आवेदकों के लिए लिपिक पद पर नियुक्ति की अनुशंसा की गई। समिति के इस निर्णय से सरकारी सेवाकाल के दौरान दिवंगत कर्मियों के आश्रित परिवारों को नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है।

उपायुक्त मनीष कुमार ने बैठक में स्थापना संबंधी मामलों के निष्पादन में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने तथा पात्र आश्रितों के मामलों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्णय लिया जाना आवश्यक है, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर नियमानुसार लाभ मिल सके। बैठक में जिला स्थापना समिति के समक्ष प्रस्तुत अन्य संबंधित विषयों पर भी आवश्यक विचार-विमर्श किया गया तथा प्रशासनिक कार्यहित में जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

Read Also Chaibasa News : चोरी के मामले में कुख्यात चोर समेत पांच गिरफ्तार, चार मोबाइल व चांदी के आभूषण बरामद

Related Articles