
रांची : 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में हुई धांधली को लेकर जांच एजेंसी सीआईडी का शिकंजा कसता जा रहा है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी सिलसिले में शनिवार को हजारीबाग में छापेमारी करते हुए पुलिस ने दो सगे भाइयों को धर दबोचा। पकड़े गए दोनों भाइयों की पहचान दीपक राणा और ओमप्रकाश राणा के रूप में हुई है।
तकनीकी सुरागों से खुली पोल
शुरुआती पड़ताल में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार दोनों भाई इस पूरे फर्जीवाड़े के नेटवर्क में बेहद अहम भूमिका निभा रहे थे। जांच एजेंसी को कुछ ऐसे पुख्ता तकनीकी सबूत और दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनसे यह साबित होता है कि परीक्षा में सफलता पाने के लिए इन्होंने अनुचित साधनों और मिलीभगत का सहारा लिया।
इन्हीं पुख्ता सुरागों के आधार पर कार्यवाही करते हुए सीआईडी की टीम ने दोनों को हजारीबाग से हिरासत में लिया और सीधे रांची ले आई। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने में जुटी पुलिस
फिलहाल सीआईडी का पूरा ध्यान इस बात पर है कि इन दोनों भाइयों के तार और किन-किन लोगों से जुड़े हुए थे। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वाला यह गिरोह किस तरह काम कर रहा था और इसके पीछे कौन-कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसी दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी में है। उम्मीद जताई जा रही है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में इस परीक्षा घोटाले से जुड़े कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
Read Also: Ranchi Bar Raid : रांची के 10 से ज्यादा बार में आधी रात पुलिस की छापेमारी, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की तैयारी

