
चाईबासा : हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर चक्रधरपुर रेल मंडल के खरसावां रेलवे स्टेशन पर रविवार रात बड़ा हादसा हो गया। खरसावां थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी 26 वर्षीय युवक रमाई गागराई चलती ट्रेन पर चढ़ने के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसके दोनों पैर कट गए और सोमवार को इलाज के दौरान सदर अस्पताल चाईबासा में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रमाई गागराई रविवार रात करीब 11 बजे बड़ाबांबो जाने के लिए खरसावां स्टेशन पहुंचा था। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन खड़ी थी और चलने लगी थी, इसी दौरान वह जल्दबाजी में चलती ट्रेन में सवार होने लगा। इसी क्रम में उसका पैर फिसल गया और वह सीधे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसके दोनों पैर बुरी तरह कट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और रेल कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना दी और घायल युवक को तत्काल खरसावां से उठाकर चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया।
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक रमाई गागराई खरसावां के गोपालपुर का रहने वाला था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने रेल प्रशासन से स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता बढ़ाने की मांग की है ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

