Ranchi : केंद्र सरकार की नीति निर्धारण संस्था नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल (शासी परिषद) की बैठक 11 जून को नई दिल्ली में आयोजित होगी। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक को लेकर झारखंड सरकार ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों की सूची को अंतिम रूप देकर नीति आयोग को भेज दिया गया है।
नीति आयोग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) निधि छिब्बर ने इस संबंध में झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार को पत्र भेजकर बैठक की रूपरेखा साझा की है। पत्र के अनुसार इस वर्ष बैठक का मुख्य विषय ‘विकसित भारत के लिए मानव पूंजी’ रखा गया है। इसके अलावा बैठक के एजेंडे में दिसंबर 2025 में आयोजित मुख्य सचिवों के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन में तय की गई प्राथमिकताओं और सिफारिशों को भी शामिल किया गया है।
बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके साथ राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, योजना एवं विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार, नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन के रेसिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल तथा योजना एवं विकास विभाग की अपर सचिव विजया जाधव भी शामिल होंगी।
नीति आयोग की ओर से मुख्यमंत्री को बैठक में शामिल होने के लिए उपाध्यक्ष की तरफ से अलग से औपचारिक आमंत्रण पत्र भी भेजा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बैठक में राज्यों के विकास, मानव संसाधन सशक्तीकरण तथा केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।

