जमशेदपुर : झारखंड राज्य विश्वविद्यालय संविदा शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार पांडेय ने एक बयान जारी कर कहा है कि कोल्हान विश्वविद्यालय में कार्यरत 130 से अधिक आवश्यकता आधारित शिक्षकों को पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति डगमगाने लगी है।
डॉ. पांडेय ने कहा कि विश्वविद्यालय के नियमित शिक्षकों, पदाधिकारी और नियमित शिक्षेकेत्तर कर्मचारियों को वेतन तो नियमित है, लेकिन सबसे ज्यादा कार्य करने वाले संविदा शिक्षक और कंप्यूटर ऑपरेटर या कार्यालय सहायक का वेतन नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।
डॉ. राकेश ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा कहा जाता है कि बजट नहीं आया है, जिसके कारण वेतन नहीं मिल रहा है। ऐसे में पदाधिकारियों और सरकार को भी सोचना चाहिए कि एक तो नियमित लोगों की अपेक्षा बहुत कम पैसों में अपनी सेवा दे रहे इन लोगों की वेतन भुगतान नहीं करना क्या न्यायोचित है? आखिर इनके और परिवार का सारा खर्च उनके इसी बजट में समाहित है। वेतन नहीं मिलने से घरेलू बजट तो गड़बड़ाएगा ही बच्चों के स्कूल फीस से लेकर घर भाड़ा और परिवहन खर्च के लाले पड़ जा रहे।
डॉ पांडेय ने कहा कि वे समाचारपत्र के सहारे पदाधिकारियों और सरकार का ध्यान आवश्यकता आधारित शिक्षकों और विश्वविद्यालय में कार्यरत संविदा कर्मियों का वेतन यथाशीघ्र भुगतान करने का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए अपनी आवाज उठाई है।
Read Also: Palamu Accident : तेज रफ्तार बाइकों की टक्कर में दो युवकों की चली गई जान, दो घायल

