Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने निगम प्रशासन की कार्यशैली और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा है, वहीं दूसरी ओर शिकायत और विरोध-प्रदर्शन के बाद संबंधित शाखा का दायित्व संभाल रही उपनगर आयुक्त पारुल सिंह ने खुद को इस शाखा के प्रभार से मुक्त किए जाने का अनुरोध कर दिया है।
गौरतलब है कि एक नागरिक ने नगर निगम प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि उसकी दादी के मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में निगम कर्मी रविंद्र राम द्वारा 4 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत में कहा गया है कि कथित तौर पर 2 हजार रुपये एफिडेविट तैयार कराने वाले व्यक्ति को देने और शेष 2 हजार रुपये स्वयं रखने की बात कही गई थी।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब शिकायत के विरोध में युवा जनशक्ति मोर्चा ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय में प्रदर्शन किया। इसके बाद उपनगर आयुक्त पारुल सिंह का एक पत्र भी सामने आया, जिसमें उन्होंने जन्म एवं मृत्यु शाखा से संबंधित जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि शिकायत मिलने के बाद उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था तथा संबंधित फाइल को जांच और अनुशंसा के लिए अपर नगर आयुक्त के पास भेजा था। हालांकि, मामले में अंतिम निर्णय नहीं हो सका। सूत्रों के अनुसार, शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से स्थिति और उलझ गई।
अंदरखाने की चर्चाओं के मुताबिक, जांच प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने और मामले के लंबित रहने से नाराज होकर पारुल सिंह ने जन्म एवं मृत्यु शाखा का प्रभार छोड़ने का फैसला किया। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है। वहीं यह भी चर्चा है कि इस मामले को लेकर अपर नगर आयुक्त और उपनगर आयुक्त के बीच मतभेद की स्थिति बनी थी, लेकिन इसके समर्थन में कोई आधिकारिक साक्ष्य उपलब्ध नहीं है।
फिलहाल, रिश्वतखोरी के आरोप, शिकायत की जांच और शाखा के प्रभार छोड़ने की घटना ने आदित्यपुर नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।
Read Also: Seraikela News: जयदा मंदिर घाट पर सुवर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान डूबे युवक का शव मिला

