Home » Jamshedpur News : मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’, उपलब्धियों और जनभागीदारी पर रहा जोर

Jamshedpur News : मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’, उपलब्धियों और जनभागीदारी पर रहा जोर

Jamshedpur News : कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के स्वागत संबोधन से हुई।

by Mujtaba Haider Rizvi
Viksit Bharat Sankalp Sammelan
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के पारीख सभागार में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” का आयोजन किया गया। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं।

अपने संबोधन में केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि बीते 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करते हुए विकास की धारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिलाएं, युवा, वंचित और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए शुरू की गई योजनाओं का व्यापक प्रभाव देशभर में दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास, सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए मुकाम हासिल कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, जन-धन योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि जैसी पहल के माध्यम से गरीबों और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया गया है।

झारखंड के संदर्भ में सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि राज्य प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है, लेकिन विकास की संभावनाओं का पूर्ण उपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो तो झारखंड विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और प्रत्येक नागरिक का सहयोग इस लक्ष्य को साकार करने में अहम होगा।

जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास की अवधारणा को मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के लिए कई योजनाएं संचालित की गई हैं, जिनसे महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिली है।

कार्यक्रम का संचालन जिला प्रभारी अनिल मोदी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक राजीव सिंह ने दिया।

सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद आभा महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, मुरलीधर केडिया, राजेश शुक्ल, जटाशंकर पांडेय, नीरज सिंह, मुकेश मित्तल, अंशुल सरकार, जवाहरलाल, सुरेश संथालिया, अजय गुप्ता, खेमलाल चौधरी, कन्हैया अग्रवाल, शैलेन्द्र सिंह, विकास गुप्ता, बड़ेलाल दुबे, उपेंद्र चतरथ, विजय शंकर पाठक, नंदकिशोर अग्रवाल, कुमार संदेश सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Read Also: Jamshedpur News : साकची बाजार से लापता बच्ची पुरुलिया से बरामद, पुलिस ने परिवार को लौटाया

Related Articles

Leave a Comment