
Seraikela : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग महिला ने कुछ लोगों पर उसकी दुकान में घुसकर उसके बेटे के साथ मारपीट करने, काउंटर से करीब 20 हजार रुपये ले जाने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस ने अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। इससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। गौरतलब है कि पुलिस की इस तरह की हरकतों से ही अपराध करने वालों का हौसला बढ़ता है और इलाके में अपराध का ग्राफ ऊंचा होता चला जाता है।
शिकायत के अनुसार, मेधा संजय कुमार तिवारी सियाराम कॉर्नर, लक्ष्मीपति क्षेत्र की रहने वाली हैं और वर्तमान में आनंद विहार कॉलोनी में रहकर दुकान चलाती हैं। उन्होंने बताया कि 28 सितंबर 2026 की रात करीब एक बजे वह अपने पुत्र सोहम शाश्वत सौर्य को दुकान पर छोड़कर घर चली गई थीं। महिला का आरोप है कि उनके घर जाने के बाद चार-पांच लोग दुकान पर पहुंचे। शिकायत में देव सिंह राजपुर, डी सिंह, हर्षित और बादल रजक समेत अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं। आरोप है कि धारदार हथियार से उनके बेटे के सिर पर हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दौरान दुकान के काउंटर में रखे करीब 20 हजार रुपये भी ले लिए गए। इसके अलावा, शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और फ्लैट पर आकर परिवार को जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। मेधा ने आदित्यपुर थाना प्रभारी से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने के साथ अपने पति, बेटे और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Read also Jamshedpur Canara Bank Robbery : पुलिस ने पांच अपराधियों की कर ली पहचान, पोस्टर किए जारी

