
CHAIBASA : बैंक ऑफ बड़ौदा चाईबासा शाखा की ओर से तांतनगर प्रखंड अंतर्गत तांतनगर पंचायत परिसर में पौधारोपण किया गया। मौके पर मौजूद शाखा प्रबंधक रॉबिनसन सिरका एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी तांतनगर पवन आशीष लकड़ा ने संयुक्त रूप से तांतनगर पंचायत परिसर में फलदार वृक्ष का रोपण किया। कहा कि पर्यावरण मानव जीवन की जननी है, इसे बचाए रखना हम सब का कर्त्तव्य है। हमारे जीवन और अस्तित्व को बनाए रखने के लिए पर्यावरण का बहुत अधिक महत्व है। पर्यावरण को संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और वनों की कटाई रोकें।
बताया गया कि बैंक ऑफ़ बड़ौदा की ओर से समय-समय पर विभिन्न प्रकार के कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर आम नागरिकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार बैंकिंग के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इस वर्ष वित्तीय साक्षरता सप्ताह की थीम “KYC – सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम” निर्धारित की गई है। अभियान के अंतर्गत आम नागरिकों को ग्राहक पहचान प्रक्रिया (KYC), केंद्रीय केवाईसी रजिस्ट्री (C-KYC), खाता स्वच्छता, वित्तीय अनुशासन तथा बैंकिंग सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जा रही है।
सुरक्षित, पारदर्शी एवं जिम्मेदार बैंकिंग को बढ़ावा देना
बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक रॉबिनसन सिरका ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बैंकिंग से संबंधित धोखाधड़ी एवं साइबर फ्रॉड के मामलों के प्रति ग्राहकों को सतर्क करना तथा सुरक्षित, पारदर्शी एवं जिम्मेदार बैंकिंग को बढ़ावा देना है। इस दौरान बैंक अधिकारियों द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को वित्तीय सुरक्षा के प्रति सजग किया जाएगा।
वित्तीय साक्षरता सप्ताह में सक्रिय सहभागिता करने की अपील
इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक रॉबिनसन सिरका ने जिले के समस्त बैंक ग्राहकों से अपील की कि वे वित्तीय साक्षरता सप्ताह में सक्रिय सहभागिता करें एवं सुरक्षित बैंकिंग से जुड़ी आवश्यक जानकारियां प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की सुरक्षा ही बैंक की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंधक स्वाति सोय, राजदशमती गागराई, मुखिया तुराम बिरूली , पंचायत सचिव योगेन्द्र नाथ बिरुवा, जीआरएस आनन्द कुमार सवैया समेत अन्य उपस्थित थे।

