
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के बरसोल थाना क्षेत्र में हार्वेस्टर और ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो विधि-विरुद्ध किशोरों और एक कबाड़ी को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल 12 बैटरियां बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार, छाईंचासोल गांव में बैटरी चोरी की घटनाओं को लेकर सरोज रंजन करण समेत अन्य ग्रामीणों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दो विधि-विरुद्ध किशोरों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर चोरी की 12 बैटरियां बरामद कीं। जांच आगे बढ़ने पर चोरी का सामान खरीदने वाले कालियाडींगा निवासी कबाड़ी अनिल कन्दार की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मामले में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवार को गिरफ्तार कबाड़ी और दोनों विधि-विरुद्ध किशोरों को न्यायालय में पेशी के लिए भेज दिया गया।

