
रामगढ़ : भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों एवं सभी मोर्चों के अध्यक्षों की मासिक बैठक रविवार को रामगढ़ स्थित पार्टी जिला कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राज्य में चल रहे छात्र आंदोलन, भर्ती परीक्षाओं और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को नैतिक समर्थन देने का निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार छात्रों और युवाओं के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्र पिछले 21 दिनों से शांतिपूर्ण एवं मर्यादित तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांग पिछले सात वर्षों में हुई सभी भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की है। सरकार को इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए तत्काल सीबीआई जांच की अनुशंसा करनी चाहिए।
साहू ने आरोप लगाया कि पिछले सात वर्षों में जेएसएससी और जेपीएससी की परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में भी छात्र भूखे-प्यासे आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने दावा किया कि छात्र आंदोलन अब केवल झारखंड तक सीमित नहीं रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और मासिक बैठक में संगठन के कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाती है। प्रदेश पदाधिकारियों की अगली बैठक दुमका में आयोजित की जाएगी।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत प्रदेश के कई पदाधिकारी एवं विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक से पहले जिला कार्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया।

