
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में रविवार से गायब 13 वर्षीय छात्र पवन कुमार पान का शव मंगलवार को तीन दिन बाद बरामद हुआ। उसका शव नुईया गांव के पास कारो नदी के बीच एक चट्टान में फंसा मिला।जानकारी के अनुसार छात्र के नदी में डूबने की आशंका के बाद से पुलिस और गांव वाले लगातार उसकी खोज कर रहे थे। मंगलवार को सर्च के दौरान नदी के बीच चट्टान के पास शव दिखा। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला गया।
घटना की खबर मिलते ही गुवा पुलिस की टीम नुईया पहुंची। पुलिस के सामने ही स्थानीय लोगों ने शव को नदी से निकाला। पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कारो नदी उफान पर है, जिससे तलाश में काफी दिक्कतें आईं।
मृतक पवन कुमार पान गुवा के डीएवी स्कूल में कक्षा 7 का छात्र था। वह फैब्रिकेशन निवासी साकेत पान का बेटा था। परिजनों ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 3 बजे वह ट्यूशन जाने की बात कहकर बैग लेकर घर से निकला था। इसके बाद वह भट्टीसाई क्षेत्र में अपने दो दोस्तों के साथ खेलने लगा। खेलते-खेलते पवन ने दोस्तों से नदी चलने को कहा, लेकिन दोनों ने इंकार कर दिया। फिर वह अकेले ही नदी की ओर चला गया। नदी किनारे पहुंचकर उसने पैंट और चप्पल उतार दिए। दोस्तों ने उसे लौटने को कहा पर वह नहीं माना। कुछ देर बाद जब दोस्त वापस मुड़े तो पवन वहां नहीं था। इसके बाद उन्होंने गांव पहुंचकर लोगों को सूचना दी।
सोमवार और मंगलवार को पुलिस और ग्रामीणों ने नदी में सर्च अभियान चलाया। मंगलवार को नदी के बीच चट्टान के पास शव फंसा मिला। शव मिलने की सूचना परिजन बदहवास हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने अपील की है कि बारिश के मौसम में उफनती नदियों में नहाने और मछली पकड़ने न जाएं।
Read Also CHAIBASA NEWS : शहीद रूमुल सावैयां को नम आंखों से पुष्पांजलि अर्पित कर दी गई श्रद्धांजलि

