
Jamshedpur : ब्राह्मण युवा शक्ति संघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं संस्थापक समिति की बैठक रविवार को बिरसानगर स्थित पंडित कमलकिशोर के आवासीय कार्यालय में हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सामाजिक एकजुटता और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि संघ का प्रत्येक पदाधिकारी एक सहयोगी को संगठन से जोड़ेगा। वहीं, संस्थापक समिति के सदस्य भी अपने स्तर पर एक-एक मनोनीत पदाधिकारी को जोड़ेंगे। इसके माध्यम से संगठन की विस्तृत जम्बो टीम तैयार की जाएगी, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोगों को संगठन की जिम्मेदारियों से जोड़ा जा सके।
25 अक्टूबर को होगा शपथ ग्रहण समारोह
बैठक में 25 अक्टूबर 2026 को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। समारोह में निर्वाचित एवं मनोनीत पदाधिकारी संगठन, समाज और अपने दायित्वों के प्रति निष्ठा एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने की शपथ लेंगे।
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए थाना स्तर तक मंडल कमेटियों के गठन का भी निर्णय लिया गया। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। इसके अलावा सामाजिक जरूरतों और समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष कमेटी गठित की जाएगी। यह कमेटी जरूरतमंद परिवारों की सहायता के साथ शिक्षा, रोजगार और अन्य सामाजिक विषयों पर काम करेगी।
बैठक में कमलकिशोर ने पदाधिकारियों को समाजहित में कार्य करने का संदेश देते हुए कहा कि संगठन की शक्ति पदों में नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता, सेवा भावना और समाज के प्रति जिम्मेदारी में निहित है। उन्होंने संगठन को केवल पद और नाम तक सीमित न रखते हुए समाज के बीच सक्रिय रूप से कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक में निर्वाचित जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, अभय पांडेय, पवन उपाध्याय, निर्मल दीक्षित, अप्पू तिवारी, अभिषेक ओझा, संतोष जोशी, अरुण शुक्ला, रणजीत झा, राकेश उपाध्याय, मुन्ना चौबे, हृतिक चौबे सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
बैठक के अंत में पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और समाज की एकजुटता के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

