
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कोल्हान विश्वविद्यालय से पीएचडी, नेट एवं जेआरएफ की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले कुल 36 अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित 8 जेआरएफ, 17 नेट क्वालिफाई एवं 11 पीएचडी डिग्री धारक अभ्यर्थियों को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, डायरी एवं कलम प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभ्यर्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। सम्मान समारोह में उपायुक्त ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में युवाओं की सफलता पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत उन्नति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और क्षेत्र के समग्र विकास का सशक्त आधार है। ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी ज्ञान एवं शोध क्षमता का उपयोग समाज के हित में करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देना चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि आज सम्मानित हो रहे अभ्यर्थियों की उपलब्धियां जिले के अन्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को भी उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रेरित करेंगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपने अनुभवों को अन्य विद्यार्थियों के साथ साझा करने तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में सहयोग करने की अपील की।
मौके पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने सभी सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, निरंतर अध्ययन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पीएचडी, नेट एवं जेआरएफ जैसी प्रतिष्ठित शैक्षणिक उपलब्धियां अभ्यर्थियों के ज्ञान, समर्पण और निरंतर प्रयास का परिणाम हैं। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ते हुए जिले एवं राज्य का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में युवाओं की बढ़ती भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संकेत है। ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को शिक्षा के प्रसार तथा नई पीढ़ी को मार्गदर्शन देने के लिए भी आगे आना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में अपना भविष्य बना सकें।
कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, स्थापना उपसमाहर्ता कुमार हर्ष, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार, कोल्हान विश्वविद्यालय से डॉ. मीनाक्षी मुंडा, डॉ. सुनीता कुमारी एवं कंचन कच्छप सहित पीएचडी, नेट एवं जेआरएफ डिग्री धारक अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
Read Also Chaibasa News : गांजा तस्करी के दोषी को 14 वर्ष का कठोर कारावास, एक लाख रुपये का अर्थदंड

