Home » Chaibasa Hindi News : पानी भरे गड्ढे में गिरने से दो मासूम भाई-बहन की मौत, आनंदपुर के बाघचट्टा में पसरा सन्नाटा

Chaibasa Hindi News : पानी भरे गड्ढे में गिरने से दो मासूम भाई-बहन की मौत, आनंदपुर के बाघचट्टा में पसरा सन्नाटा

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र स्थित बाघचट्टा गांव में बुधवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। घर के पास पानी से लबालब भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम सगे भाई-बहन की अकाल मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके और गांव में मातमी सन्नाटा फैला हुआ है।

मृत बच्चों की पहचान

आनंदपुर में रहकर मजदूरी करने वाले अगस्तीन टुडू के 6 वर्षीय पुत्र गॉडसन टुडू और 4 वर्षीया पुत्री एंजेल टुडू के रूप में की गई है।

खेलने के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार अगस्तीन टुडू पेशे से राजमिस्त्री हैं और काम के सिलसिले में परिवार सहित आनंदपुर में रह रहे थे। उनकी पत्नी पूर्व में ही घर छोड़कर जा चुकी हैं, जिस कारण दोनों बच्चे अपने पिता के पास ही रहते थे। बुधवार सुबह दोनों बच्चे डीएवी स्कूल आनंदपुर गए थे।

दोपहर करीब दो बजे स्कूल से वापस लौटने और भोजन करने के उपरांत दोनों बच्चे घर के समीप स्थित इमली के पेड़ के पास खेलने चले गए। खेलते-खेलते अचानक पैर फिसल जाने के कारण दोनों बच्चे घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर बने एक गहरे गड्ढे में जा गिरे। हालिया बारिश की वजह से गड्ढा पानी से पूरी तरह भरा हुआ था। हादसे के वक्त आसपास किसी के मौजूद न होने के कारण बच्चों को समय पर कोई सहायता नहीं मिल सकी।

शाम को तलाश के दौरान मिले शव

शाम लगभग सात बजे तक जब बच्चे घर वापस नहीं लौटे, तो पिता अगस्तीन ने उनकी खोजबीन शुरू की। आसपास के पड़ोस और खेल के मैदान में ढूंढने के बाद भी जब बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला, तो ग्रामीणों के सहयोग से पास स्थित पानी भरे गड्ढे की जांच की गई। वहां दोनों मासूमों के शव पानी की सतह पर तैरते हुए पाए गए। ग्राम मुंडा की उपस्थिति में दोनों बच्चों को तत्काल पानी से बाहर निकाला गया, परंतु तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

पिता ने किसी पर नहीं जताया संदेह

घटना के संबंध में पिता अगस्तीन ने इसे एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बताते हुए किसी भी प्रकार की आशंका या संदेह से इनकार किया है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से बच्चों का पोस्टमार्टम न कराने का भी अनुरोध किया है। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। एक साथ दो चिरागों के बुझ जाने से पूरे बाघचट्टा गांव में शोक की लहर है।

Read Also: Chaibasa Hindi News : पानी भरे गड्ढे में गिरने से दो मासूम भाई-बहन की मौत, आनंदपुर के बाघचट्टा में पसरा सन्नाटा

Related Articles

Leave a Comment