Home » Chaibasa News : चक्रधरपुर में 50 लाख की भीषण चोरी से व्यापारियों में रोष: चाईबासा चेंबर ने एसडीपीओ से किया वार्ता, मांगी कड़ी सुरक्षा

Chaibasa News : चक्रधरपुर में 50 लाख की भीषण चोरी से व्यापारियों में रोष: चाईबासा चेंबर ने एसडीपीओ से किया वार्ता, मांगी कड़ी सुरक्षा

by Hari Shankar Gope
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में हुई करीब 50 लाख रुपये की चोरी की घटना से व्यापारियों में आक्रोश और भय का माहौल है। चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने इस वारदात पर गहरी चिंता जताई है और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

एसडीपीओ से मिला चेंबर का प्रतिनिधिमंडल

घटना के बाद आज चेंबर का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष संजय चौबे के नेतृत्व में चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाश्मी से मिला। प्रतिनिधिमंडल में निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, उपाध्यक्ष दुर्गेश खत्री, संयुक्त सचिव विवेक कुमार सिन्हा, अनुमंडलीय उपाध्यक्ष गोपाल खिरवाल, सदस्य आकाश अग्रवाल और महेश मोदी शामिल थे।प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हाल के दिनों में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं के कारण व्यापारिक समुदाय अपने को असुरक्षित महसूस कर रहा है। चेंबर ने मांग रखी कि बाजार क्षेत्रों में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, संवेदनशील इलाकों में नियमित निगरानी हो और व्यापारियों के प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

सुरक्षित माहौल से ही होगा आर्थिक विकास

चेंबर पदाधिकारियों ने कहा कि बिना सुरक्षित माहौल के व्यापार और निवेश संभव नहीं है। अगर व्यापारी डरे हुए रहेंगे तो इसका सीधा असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। इसलिए प्रशासन को व्यापारी सुरक्षा को प्राथमिकता देकर अपराधियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

पुलिस ने दिया आश्वासन

एसडीपीओ डॉ. हाश्मी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। घटना के उद्भेदन के लिए विशेष टीम बनाई गई है और कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाया जाएगा।

पीड़ित दुकानदार से भी मिले पदाधिकारी

बैठक के बाद चेंबर के पदाधिकारी पीड़ित व्यवसायी आशीष पाड़िया के प्रतिष्ठान M/s Rashmi Electronics भी पहुंचे। उन्होंने घटना की पूरी जानकारी ली और आशीष पाड़िया को ढाढ़स बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में चेंबर उनके साथ खड़ा है और हर संभव मदद करेगा। चेंबर ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Read Also Chaibasa News : सदर अस्पताल में पुलिसकर्मियों के लिए 6 बेड के विशेष वार्ड का उद्घाटन, बेहतर इलाज की मिलेगी सुविधा

Related Articles