चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिल सहित चार गाड़ी बरामद की है। इस संबंध में चाईबासा सदर डीएसपी बहामन टुटी ने एक प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी की जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमित रेणु को गुप्त सूचना मिली थी कि चाईबासा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम खप्परसाई के राजदीप सिंह महली के घर पर चोरी की मोटरसाईकिल है। वह इसे बेचने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस की एक टीम गठित कर मामले कि जांच शुरू कर दी गई। टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए राजदीप सिंह महली के घर पर तलाशी ली गई। उनके घर से एक स्कूटी सहित चार मोटरसाईकिल बरामद की गई।
जांच पड़ताल में पुलिस ने राजेन्द्र सिंह महली उर्फ राजकिशोर महली के पुत्र 23 वर्षीय राजदीप सिंह महली को हिरासत में लेकर पुछताछ की। बरामद चारों मोटरसाईकिलों के बारे में पूछे जाने पर आरोपी ने बताया कि उक्त चारों मोटरसाईकिल चोरी की हैं। इन्हें 4-5 दिन पहले सदर थाना क्षेत्र के बस स्टैण्ड और मंगला हाट से चोरी किया गया है। इस संबंध में मुफ्फसिल थाना में केस दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त राजदीप सिंह महली ने इस कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनका पूर्व का लंबा आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस ने आरोपी को रविवार को जेल भेज दिया।

