
Ranchi : झारखंड सीआईडी ने बोकारो जिले से लापता तीन लोगों की तलाश तेज करते हुए देशभर में ‘ह्यू एंड क्राई’ नोटिस जारी किया है। सीआईडी के एडीजी मनोज कौशिक की ओर से सभी राज्यों के पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को नोटिस भेजकर लापता व्यक्तियों की खोज में सहयोग मांगा गया है। इसके बाद पूरे देश में तीनों की तलाश शुरू कर दी गई है।
सीआईडी द्वारा दूसरी बार इस तरह का नोटिस जारी किया गया है। इससे पहले रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता दो मासूम बच्चों की तलाश के लिए भी सभी राज्यों की पुलिस से सहयोग मांगा गया था।
इन तीन लोगों की हो रही तलाश
सीआईडी जिन लोगों की तलाश कर रही है, उनमें गोमिया थाना क्षेत्र निवासी बुद्धन गोप की 65 वर्षीय पत्नी मुन्नी देवी, बेरमो थाना क्षेत्र के गांधीनगर ओपी निवासी जितेंद्र कुमार सोनी की 46 वर्षीय पत्नी कंचन देवी तथा गांधीनगर ओपी क्षेत्र के ही गिरिश पासवान शामिल हैं।
कब से लापता हैं तीनों
मुन्नी देवी 8 मार्च 2026 से लापता हैं। वहीं कंचन देवी 27 सितंबर 2020 और गिरिश पासवान 7 नवंबर 2020 से लापता बताए गए हैं। सीआईडी ने इनकी तलाश के लिए 25 जुलाई को नोटिस जारी किया था, जिसकी प्रतियां सभी जोनल आईजी, रेंज डीआईजी, जिला पुलिस अधीक्षकों, थाना प्रभारियों, ओपी, पुलिस चौकियों और बीट अधिकारियों तक भेजी गई हैं।
क्या होता है ‘ह्यू एंड क्राई’ नोटिस
‘ह्यू एंड क्राई’ नोटिस पुलिस द्वारा किसी लापता व्यक्ति, फरार आरोपी या संदिग्ध की तलाश के लिए जारी किया जाने वाला सार्वजनिक सूचना पत्र होता है। इसमें संबंधित व्यक्ति की तस्वीर, पहचान, हुलिया और अन्य जरूरी विवरण शामिल किए जाते हैं, ताकि आम लोगों की मदद से उसकी जल्द तलाश की जा सके।
आम लोगों से सहयोग की अपील
सीआईडी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि इन तीनों लापता व्यक्तियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल सीआईडी मुख्यालय या निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें, ताकि उनकी जल्द से जल्द तलाश की जा सके।
Read Also: Bokaro News: JPSC परीक्षा अनियमितता मामले में बोकारो पहुंची CID, BSL कर्मी के घर की छानबीन


