Home » Chaibasa News : चंदा चोरी और खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन तेज होगा

Chaibasa News : चंदा चोरी और खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन तेज होगा

खनिजों से जुड़े फैसलों में राज्य के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और केंद्र सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज करेगी- प्रदेश महासचिव विजय यादव

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर चंदा चोरी और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय के संयोजन में कांग्रेस भवन, चाईबासा में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को प्रदेश महासचिव रविन्द्र झा और विजय यादव ने संबोधित किया।

प्रेस वार्ता में प्रदेश महासचिव रविन्द्र झा ने कहा कि राम मंदिर के नाम पर एकत्रित चंदे में पारदर्शिता होनी चाहिए। देशभर के लोगों ने आस्था और श्रद्धा के साथ राम मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग दिया है। ऐसे में चंदे के रूप में कितनी राशि आई, कैसे संग्रह हुआ और उस राशि का कहां उपयोग हुआ, इसका पूरा हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि चंदा संग्रह में किसी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस भगवान श्रीराम और लोगों की आस्था का सम्मान करती है, लेकिन आस्था के नाम पर लिए गए धन में पारदर्शिता जरूरी है।

विधेयक झारखंड जैसे खनिज प्रधान राज्य के हितों के खिलाफ

वहीं प्रदेश महासचिव विजय यादव ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए खान एवं खनिज संशोधन विधेयक, 2026 का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि यह विधेयक झारखंड जैसे खनिज प्रधान राज्य के हितों के खिलाफ है। झारखंड की खनिज संपदा का सीधा संबंध राज्य के विकास, स्थानीय लोगों के अधिकार, पर्यावरण और रोजगार से है। ऐसे में खनिजों से जुड़े फैसलों में राज्य के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और केंद्र सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज करेगी।

उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

प्रदेश महासचिव विजय यादव ने आंदोलन की रूपरेखा बताते हुए कहा कि 27 अगस्त 2026 को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन कर उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। 7 सितंबर 2026 को लोक भवन, रांची के सामने प्रदेश स्तरीय महाधरना होगा। इसके बाद 9 सितंबर से 16 सितंबर के बीच सभी प्रखंड मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रेस वार्ता में जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, पूर्वी सिंहभूम जिला महासचिव सुनील प्रसाद, सचिव ए.आर. कैलाश और कार्यालय सचिव सुशील दास मौजूद थे।

Read Also Chaibasa News : तीन साल पहले बनी सड़क का फिर निकल गया टेंडर, सीएम से की गई शिकायत

Related Articles