
रांची : झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित केंद्रीय नेतृत्व के अन्य नेताओं से मुलाकात की।
बैठक में झारखंड में कांग्रेस संगठन के विस्तार और मजबूती, राज्य सरकार के कामकाज, जनता से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की पहल तथा वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई। दीपिका पांडेय सिंह ने केंद्रीय नेतृत्व को झारखंड के मौजूदा राजनीतिक हालात और विभिन्न समसामयिक विषयों से अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान एसआईआर प्रक्रिया से जनता के सामने उत्पन्न चुनौतियों और मतदाताओं के मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। साथ ही भाजपा की कथित रणनीतियों का राजनीतिक स्तर पर मुकाबला करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
केंद्रीय नेतृत्व ने इन तमाम मुद्दों पर कांग्रेस की भूमिका को लेकर मार्गदर्शन दिया और आने वाले दिनों की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

