धनबाद : भाजपा सांसद ढुलू महतो एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। इस बार मामला धनबाद-एलटीटी एक्सप्रेस के महिला कोच से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर वायरल होने के बाद सवाल उठने लगे हैं, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे सांसद ढुलू महतो ने धनबाद से मुंबई जाने वाली धनबाद-एलटीटी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन के उद्घाटन के बाद वे अपने समर्थकों और अंगरक्षकों के साथ उसी ट्रेन से कतरास स्टेशन तक गए।
बताया जा रहा है कि ट्रेन के इंजन के ठीक पीछे महिला कोच लगा हुआ था। ट्रेन खुलने के बाद सांसद उसी कोच में चढ़ गए। इस दौरान उन्होंने कोच के गेट पर खड़े होकर मीडिया से बातचीत भी की। इसी दौरान ली गई उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
कांग्रेस नेता ने रेलवे अधिनियम के तहत की कार्रवाई की मांग
तस्वीर सामने आने के बाद विपक्षी नेताओं ने इस पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कांग्रेस नेता के परिवार से जुड़े अशोक प्रकाश लाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि फोटो खिंचवाने के चक्कर में सांसद यह भूल गए कि वे महिलाओं के लिए आरक्षित डिब्बे में सवार हैं। उन्होंने रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग भी की।
मामला बढ़ने के बाद आरपीएफ ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी। आरपीएफ की ओर से कहा गया है कि यह जांच की जा रही है कि सांसद किन परिस्थितियों में उस कोच में चढ़े थे।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सांसद धनबाद से ट्रेन रवाना करने के बाद कतरास स्टेशन पर भी हरी झंडी दिखाने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। जिस कोच में वे चढ़े, वह इंजन के पास स्थित पहला डिब्बा था। फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

