
Jamshedpur : ऑल इंडिया ड्राइवर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष परविंदर पाण्डेय ने शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता अप्पू तिवारी को संघ की सदस्यता दिलाते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी। इस अवसर पर संघ की ओर से उन्हें जिले के ड्राइवरों को संगठित करने और उनके अधिकार, सम्मान एवं समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करने का दायित्व दिया गया।
नई जिम्मेदारी मिलने पर अप्पू तिवारी ने कहा कि संघ ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ इसका निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के ड्राइवरों की जायज समस्याओं को संबंधित विभाग और प्रशासन के समक्ष उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
तिवारी ने कहा कि ड्राइवर वर्ग सामाजिक, आर्थिक और व्यावसायिक स्तर पर कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। सड़क पर दिन-रात मेहनत करने वाले ड्राइवरों को उनके अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए संगठन को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वे ड्राइवरों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहेंगे और उनके हक एवं न्याय की आवाज मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी ड्राइवरों से एकजुट होकर संघ को मजबूत बनाने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर आवाज उठाने की अपील की।
इस मौके पर जमशेदपुर के ड्राइवर संघ से जुड़े सदस्यों और सहयोगियों ने अप्पू तिवारी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। सदस्यों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिले में ड्राइवरों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ संगठन का विस्तार किया जाएगा।

