
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर राउरकेला-चक्रधरपुर (एनएच 320-D) पर आवागमन प्रभावित कर दिया है। सोमवार को देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसी के चलते चांदीपोस स्थित झाड़गांव पुलिया के ऊपर से पानी का तेज बहाव शुरू हो गया है।
पुलिया पर पानी चढ़ जाने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर मंगलवार को राउरकेला से चक्रधरपुर जाने वाली दो स्कूल बसों का परिचालन रद्द कर दिया गया। बस सेवा बंद होने से राउरकेला चक्रधरपुर और रास्ते में पड़ने वाले कई गांवों के छात्र-छात्राएं स्कूल नहीं जा सके। अभिभावकों ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई लगातार बाधित हो रही है।
निजी चारपहिया और दोपहिया वाहनों को भी जोखिम भरे रास्ते से न गुजरकर वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बरसात में इसी झाड़गांव पुलिया के कारण इस मार्ग पर आवागमन बाधित होता है। समस्या से निपटने के लिए पास में ही करोड़ों रुपये की लागत से एक नया पुल बनाया गया है, लेकिन उसका एप्रोच रोड आज तक तैयार नहीं किया गया। नतीजा यह है कि नया पुल बनकर भी शो-पीस बनकर रह गया है और लोगों को पुरानी पुलिया पर ही निर्भर रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और एनएच विभाग से मांग की है कि नए पुल के दोनों छोर का संपर्क मार्ग जल्द बनाया जाए, ताकि बरसात में लोगों को बार-बार इस परेशानी से न गुजरना पड़े।

