
Dumka : दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र अंतर्गत लगला पंचायत स्थित जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सिरसानाथ मंदिर में सोमवार को देर रात लाखों रुपये के आभूषण चोरी हो गई। चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर चांदी निर्मित पूजन सामग्री सहित कई कीमती सामान ले गए। घटना का पता तब चला, जब मंगलवार की सुबह पुजारी शिवदत्त पंडा मंदिर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था। जब अंदर गए, तो पाया कि कई कीमती सामान गायब हैं। इसमें भोलेबाबा को भोग लगाने में उपयोग होने वाला चांदी का कटोरा, चांदी की एक बड़ी छतरी, दो छोटी छतरी, चांदी का नाग, चांदी का त्रिशूल समेत अन्य पूजन सामग्री गायब थे। सूचना मिलते ही जामा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।
शिवदत्त पंडा ने बताया कि वे शाम सात बजे ही पूजा के बाद घर चले गए थे। महिलाओं ने रात 11 बजे शिवचर्चा करने के बाद मंदिर का पट बंद कर दिया था। फूलधारी भयंकर पंडा ने कहा कि पहले भी एक बार मंदिर में चोरी हो चुकी है। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव से जल्द चोरों की गिरफ्तारी कर घटना का पर्दाफाश करने तथा मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Read Also: Dumka Crime News: पहले हादसे में मरे अधेड़ का शव दफनाया, दो माह बाद लगाया हत्या का आरोप


