
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव विधानसभा क्षेत्र स्थित बलियापोसी-राईकासाई में नवयुवक संघ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भव्य फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को अत्यंत उत्साह और उमंगपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। रोमांचक खिताबी भिड़ंत में एमटीएफसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिल्दुवा की टीम को परास्त कर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की।
सांसद और विधायक ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
फाइनल मैच एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम सांसद जोबा मांझी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मझगांव विधायक निरल पूर्ति उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मैदान में उतरकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके उत्कृष्ट खेल की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। मैच के उपरांत अतिथियों के हाथों विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
खेल सिखाता है संघर्ष और पुनः प्रयास की प्रेरणा: जोबा मांझी
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा मांझी ने कहा कि नवयुवक संघ ग्रामीण क्षेत्र के होनहार खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए एक सुदृढ़ मंच प्रदान कर रहा है। इस प्रकार के भव्य आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल में हार और जीत एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उपविजेता टीम ने भी अंत तक शानदार खेल दिखाया, बस किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। फुटबॉल हमें जीवन का महत्वपूर्ण संदेश देता है कि हार से कभी निराश न हों, बल्कि नई ऊर्जा के साथ पुनः मैदान में उतरें।
ग्रामीण खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार कटिबद्ध: निरल पूर्ति
विधायक निरल पूर्ति ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि नवयुवक संघ हर वर्ष इस खेल महाकुंभ का सफल आयोजन करता है, जिसमें फुटबॉल के अलावा एथलेटिक्स और तीरंदाजी जैसी स्पर्धाएं भी शामिल होती हैं। उन्होंने बताया कि इस तीन दिवसीय आयोजन में झारखंड के साथ-साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा की टीमें भी भाग लेती हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को अंतरराज्यीय खिलाड़ियों के अनुभव से बहुत कुछ सीखने को मिलता है।
नशे से दूर रहकर मेहनत के बल पर अपने लक्ष्यों को हासिल करने की अपील
विधायक ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है। खिलाड़ियों के लिए सीधी खेल नीति के तहत नौकरियों के अवसर सृजित किए जा रहे हैं तथा प्रखंड से लेकर राज्य स्तर तक आधुनिक खेल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नशे की लत से दूर रहकर मेहनत के बल पर अपने लक्ष्यों को हासिल करने की अपील की।

खिलाड़ियों के साथ अतिथिगण
हजारों दर्शक व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मानकी-मुंडा, गणमान्य ग्रामीण एवं भारी संख्या में खेल प्रेमी दर्शक उपस्थित रहकर मैच के हर रोमांचक क्षण का आनंद उठाते नजर आए।

