
Potka : आजादी के करीब 80 साल बाद गंभीरकोचा और जोजोगोड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों को पक्की सड़क की सुविधा मिलने जा रही है। पोटका विधायक संजीव सरदार के प्रयास से मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गंभीरकोचा से जोजोगोड़ा तक 3.30 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण का शिलान्यास किया गया। इस सड़क के निर्माण पर करीब 3.20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। अब तक कई इलाकों में कच्चे रास्ते के कारण चार पहिया वाहनों का पहुंचना भी मुश्किल था। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को बाजार, अस्पताल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
एंबुलेंस और स्कूली बच्चों को होगी बड़ी राहत
सड़क सुविधा नहीं होने का सबसे ज्यादा असर आपातकालीन परिस्थितियों में पड़ता था। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और एंबुलेंस के आने-जाने में परेशानी होती थी। वहीं बच्चों को स्कूल जाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दौरान कच्चे रास्तों की स्थिति और खराब हो जाने से समस्या बढ़ जाती थी।
ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र का बड़ा हिस्सा वन क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण सड़क निर्माण की प्रक्रिया में कई प्रशासनिक और विभागीय अड़चनें भी सामने आईं। लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद विधायक संजीव सरदार के लगातार प्रयास से योजना को मंजूरी मिली और अब निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हुआ है।
गांव-गांव तक सड़क पहुंचाना प्राथमिकता : संजीव सरदार
शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि गंभीरकोचा-जोजोगोड़ा सड़क बनने से सिर्फ आवागमन आसान नहीं होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा। ‘विकसित पोटका’ के संकल्प के साथ क्षेत्र में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।
विधायक ने ग्रामीणों से सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर इसकी जानकारी उन्हें दी जाए। साथ ही विभागीय अधिकारियों को सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
ग्रामीणों ने विधायक के प्रति जताया आभार
सड़क निर्माण की स्वीकृति और शिलान्यास के बाद ग्रामीणों ने विधायक संजीव सरदार का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से पक्की सड़क की मांग की जा रही थी। सड़क बनने के बाद एंबुलेंस, चार पहिया वाहनों और स्कूली बच्चों के आवागमन में काफी सुविधा होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में माझी बाबा गौर पुराण, माझी बाबा राजा राम मार्डी, झारखंड आंदोलनकारी नेता सुनील महतो, पूर्व जिला परिषद सदस्य चंद्रावती महतो, चक्रधर महतो, हितेश भगत, भुवनेश्वर सरदार, रमेश सोरेन, भारत सरदार, कार्तिक सरदार, सागर सरदार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Read also Jamshedpur News : APR नायर शतरंज प्रतियोगिता में समीरा बनीं चैंपियन, विजेताओं को मिला पुरस्कार

