
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में गणेश पूजा और विश्वकर्मा पूजा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार ने मंगलवार को देर रात शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने बड़ी बाजार, गाड़ीखाना, पुंडरी समेत शहर के कई प्रमुख पूजा पंडालों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, विद्युत व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।
सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पंडालों में भीड़ नियंत्रण, विद्युत सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीसी ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन या पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल, सदर एसडीओ संजय कुमार, गोपनीय प्रभारी-सह- उपसमाहर्ता हर्ष कुमार, अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूजा पंडालों की व्यवस्थाओं का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया और पूजा समितियों को आवश्यक सुझाव दिए।

