Home » Garhwa Crime News: गढ़वा में फोन में उलझी रही खाकी! पुलिस को चकमा देकर कस्टडी से कैदी फरार

Garhwa Crime News: गढ़वा में फोन में उलझी रही खाकी! पुलिस को चकमा देकर कस्टडी से कैदी फरार

श्री बंशीधर नगर सिविल कोर्ट से आरोपी ने पुलिस को दिया चकमा, जानलेवा हमले का था नामजद आरोपी,कोर्ट ले जाने के दौरान सुरक्षा में चूक; तलाश में जुटीं टीमें

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा : गढ़वा के श्री बंशीधर नगर स्थित सिविल कोर्ट परिसर से बुधवार को पुलिस की सख्त पहरेदारी के बीच से एक खतरनाक आरोपी पुलिस को चकमा देकर रफूचक्कर हो गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया है।

​रात में हत्थे चढ़ा था, सुबह दे गया चकमा

फरार कैदी का नाम उमानंद चौधरी है। वह खरौंधी थाना क्षेत्र के राजी गांव का रहने वाला है। उस पर अपने ही भाई के साथ जानलेवा मारपीट करने का केस दर्ज है। वह काफी दिनों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। मंगलवार की रात नगर उंटारी और खरौंधी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे सुलसुलिया गांव से गिरफ्तार किया था।

​अदालत में पेशी के दौरान हुआ कांड

बुधवार को खरौंधी पुलिस आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत श्री बंशीधर नगर सिविल कोर्ट लेकर पहुंची थी। आरोपी को जज के सामने पेश किया जाना था। लेकिन इससे पहले कि उसे अदालत के भीतर ले जाया जाता, वह पुलिसकर्मियों की ढिलाई का फायदा उठाकर वहां से गायब हो गया। जब तक पुलिस कुछ समझ पाती, तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुका था।

​फोन में व्यस्त थे जवान?

इस वाकये के बाद पुलिस महकमे की कार्यशैली पर कड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी अपने-अपने मोबाइल फोन में व्यस्त थे। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर उमानंद वहां से चंपत हो गया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी इस लापरवाही पर खुलकर कुछ नहीं कहा है।

​पुलिस ने संभाला मोर्चा, जारी है नाकेबंदी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग तुरंत हरकत में आ गया है। जिले की सीमाओं और संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। श्री बंशीधर नगर के एसडीपीओ सतेंद्र नारायण सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी अपने भाई पर हुए जानलेवा हमले का नामजद आरोपी है। उसकी तलाश में कई टीमों को लगा दिया गया है और जल्द ही उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Read Also:  Ranchi T20 Match: रांची में भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच को लेकर अलर्ट, सुरक्षा और ट्रैफिक का बनेगा नया प्लान, जल्द शुरू होगी टिकटों की बिक्री

Related Articles

Leave a Comment