
Ghatshila: अंचल के सीआई लखीन्द्र मांझी के साथ मारपीट के आरोप में नवाबकोठी निवासी शौर्य चक्र विजेता मो. जावेद के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत घाटशिला में नामजद मामला दर्ज कर लिया गया है। इससे मो. जावेद की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
दूसरी ओर शुक्रवार को आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंचल कर्मी घाटशिला प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना पर बैठकर विरोध जताया और आरोपी की गिरफ्तारी होने तक कलम बंद हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। इससे अब एसआईआर का कार्य पूर्ण रुप से प्रभावित होगा। धरना के दौरान सीओ के नाम अंचल कर्मी ने ज्ञापन भी सौंपा। इसमें कहा गया है कि सीआई लखीन्द्र मांझी के साथ जिस तरह का अपमान जनक व्यवहार मो. जावेद द्वारा किया गया है। उससे अंचल कर्मी पूरी तरह भय के माहौल में जी रहे हैं।
आरोपी द्वारा घटना को अंजाम दिए 36 घंटे के उपर बीत चुके हैं, लेकिन घाटशिला थाना पुलिस एफआईआर के बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई, ना ही उन पर किसी तरह का कोई कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसको लेकर पुलिस के खिलाफ अंचल कर्मी में असंतोष का माहौल बना हुआ है। इसलिए जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, हम कर्मी कलम बंद हड़ताल पर रहेंगे। दूसरी ओर अंचल कर्मी के साथ मारपीट की घटना को लेकर चाकुलिया अंचल के कर्मचारी भी शुक्रवार को कमल बंद हड़ताल पर रहकर लखीन्द्र मांझी के समर्थन में उतर गए।
दूसरी ओर मो. जावेद द्वारा जो लिखित शिकायत थाने में दी गई थी, उस मामले को लेकर घाटशिला थाना में मामला दर्ज हुआ है कि नहीं, पुलिस कुछ भी बताने से इंकार कर रही है। मौके पर धरना में बैठने वालों में लखिन्द्र मांझी, राज कुमार प्रसाद, किशन कुमार राय, पालु राम सोरेन, लखिन्द्र मुर्मू,आशुतोष चौबे, अविनाश कुमार महतो,मेघराज मुर्मू, सुरेन्द्र मुर्मु, कौशिक कुमार नामाता,टिबला सब, साद आतिक समेत कई कर्मचारी मौजूद थे।

