
घाटशिला : मुसाबनी प्रखंड प्रमुख सह आजसू नेता रामदेव हेंब्रम अपनी पत्नी शिवानी हेंब्रम के साथ मंगलवार को घाटशिला न्यायालय पहुंचे। मामला 6 अगस्त 2026 को शिवानी हेंब्रम के साथ कथित मारपीट और छेड़खानी से जुड़ा है। पुलिस स्तर पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने न्यायालय में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
बताया गया कि घटना के दिन ही जादूगोड़ा थाना और जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी गई थी। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। वहीं, घटना की जानकारी लेने के लिए पुलिस के घटनास्थल या पीड़ित परिवार के पास नहीं पहुंचने की बात भी कही गई है।
रामदेव हेंब्रम ने कहा कि वह एक जनप्रतिनिधि हैं और उनके घर में उनकी पत्नी के साथ मारपीट एवं छेड़खानी की घटना हुई। शिकायत देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा है।
उन्होंने न्यायालय से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, शिवानी हेंब्रम ने भी न्याय की गुहार लगाई है।
परिवार का कहना है कि पुलिस स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के कारण अब उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी है।

