
Ghatshila : घाटशिला थाना क्षेत्र अंतर्गत अमाईनगर पुलिया से लेकर स्वर्णरेखा नदी पुल तक बुधवार को एक बेकाबू कार ने जमकर कहर बरपाया। नशे में धुत चालक ने तेज रफ्तार में कार दौड़ाते हुए एक बाइक और एक बिना नंबर प्लेट की स्कूटी समेत कई लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दो मासूमों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर लगने के कारण बाइक सवार एक महिला स्वर्णरेखा नदी में जा गिरी और तेज बहाव में बह गई।
घटना का विवरण और वाहन संख्या
- आरोपी की कार: रेनॉल्ट ट्राइबर (नंबर: JH 05 DK 0236)’
- दुर्घटनाग्रस्त बाइक: हीरो होंडा स्प्लेंडर (नंबर: JH 05 D 9549)
- दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी: बिना नंबर प्लेट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुसाबनी थाना क्षेत्र निवासी गोवर्धन पातर कथित तौर पर शराब के नशे में कार (JH 05 DK 0236) लेकर मौभंडार से घाटशिला की ओर आ रहा था। विशाल मेगा मार्ट के पास से ही वह वाहनों को चपेट में लेता हुआ निकला। स्वर्णरेखा नदी पुल पर उसने सामने से आ रही बाइक (JH 05 D 9549) और एक बिना नंबर प्लेट की स्कूटी को भीषण टक्कर मार दी।
नदी में बही महिला, मासूम बच्ची का पैर टूटा
बाइक पर गोपालपुर निवासी सुब्रतो सिन्हा, उनकी पत्नी सुष्मिता सिन्हा और बेटी श्रेया सिन्हा सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुष्मिता सिन्हा सीधे पुल से नीचे स्वर्णरेखा नदी में जा गिरीं और पानी के तेज बहाव में बह गईं। सुब्रतो सिन्हा और उनकी बेटी श्रेया गंभीर रूप से घायल हो गए; बच्ची के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। इसके अतिरिक्त, मुसाबनी के गिरीशडांगा निवासी सुरेश भगत और नेहा वर्मा भी इस रफ्तार के कहर का शिकार होकर लहूलुहान हो गए।
पुलिस का त्वरित एक्शन और रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही घाटशिला डीएसपी विकास आनंद लागुरी, थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा तथा मऊभंडार ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता भारी पुलिस बल और पीसीआर वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे।
थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा ने तत्परता दिखाते हुए पीसीआर और थाना वाहन से सभी पांचों घायलों को तुरंत घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेजा।
प्राथमिक उपचार के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शंकर टुडू एवं डॉ. भोगान हेंब्रम ने सभी की नाजुक हालत देखते हुए उन्हें एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।
नदी में बही महिला सुष्मिता सिन्हा की तलाश के लिए पुलिस व स्थानीय गोताखोरों की टीम स्वर्णरेखा नदी में लगातार सघन सर्च अभियान चला रही है।

