
Jamshedpur : गोलमुरी स्थित कैनरा बैंक की शाखा में गुरुवार सुबह हुई लूट की घटना के बाद बैंक के ग्राहकों में भी चिंता बढ़ गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कई ग्राहक बैंक पहुंचकर अपने खाते, जमा रकम और विशेष रूप से लॉकर में रखे सोने और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा के संबंध में जानकारी लेते नजर आए।
ग्राहकों को अंदर जाने दिया जा रहा था। कई ग्राहकों ने अंदर जाकर बैंक अधिकारियों से लॉकर के बारे में पूछा। इस पर उन्हें जवाब दिया गया कि लॉकर सेफ है। लॉकर में रखे गए सोने के जेवरात बच गए हैं। इसके बाद ग्राहकों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे हथियारबंद लुटेरों ने बैंक में धावा बोल दिया। बताया जा रहा है कि लुटेरों ने बैंक के गार्ड, मैनेजर और अन्य कर्मचारियों को बंधक बना लिया और कैश बॉक्स से करीब 43 लाख रुपये लूट लिए। इसके अलावा, गिरवी रखा गया सोना भी लूट लिया गया है।
जमशेदपुर की कर ली गई है नाकेबंदी
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बैंक परिसर की जांच शुरू की। पुलिस ने बैंक मैनेजर के अलावा अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस ने हासिल कर ली है। फुटेज के आधार पर लुटेरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। लूट की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जमशेदपुर से बाहर निकलने वाले प्रमुख रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी है। संभावित एग्जिट रूट पर जांच की जा रही है।
इधर, बैंक में लूट की खबर फैलने के बाद ग्राहक भी अपनी जमा रकम और लॉकर को लेकर जानकारी लेने पहुंचने लगे। खासकर लॉकर में सोना और अन्य कीमती सामान रखने वाले ग्राहकों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी गई। कई ग्राहक यह जानकारी लेने पहुंचे कि लूट की घटना का बैंक के लॉकर और उसमें रखे सामान पर कोई असर पड़ा है या नहीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर लुटेरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। बैंक प्रबंधन की ओर से भी ग्राहकों को लॉकर और अन्य बैंकिंग सेवाओं से संबंधित स्थिति की जानकारी दी जा रही है।

