
Jamshedpur : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी का दीक्षांत समारोह 8 सितंबर को दोपहर 12 बजे से एक्सएलआरआई परिसर स्थित टाटा ऑडिटोरियम में होगा। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शामिल होंगे।
इस बार शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की वजह से दीक्षांत समारोह सादगी के साथ मनाया जाएगा। इसमें कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होगा। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. इला कुमार ने बताया कि दीक्षांत समारोह में 2200 छात्राओं को डिग्री प्रदान की जाएगी, जबकि यूजी और पीजी की 53 टॉपर छात्राओं को गोल्ड मेडल मिलेगा। एक ओवरऑल टॉपर छात्रा को पहली बार चांसलर मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा दो छात्राओं को रेखा झा मेमोरियल मेडल दिया जाएगा। इसके तहत उन्हें एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार भी मिलेगा। कुलपति ने बताया कि राज्यपाल का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम विश्वविद्यालय को मिल चुका है। राज्यपाल दोपहर 12 बजे से 1.30 बजे तक समारोह में रहेंगे। इसके बाद वह सर्किट हाउस जाएंगे। एक्सएलआरआई की सीटिंग कैपेसिटी सीमित होने के कारण एक समय में लगभग 1100 छात्राओं को ही सभागार में बैठाया जाएगा। राज्यपाल के जाने के बाद बाकी 1100 छात्राओं को भी एक्सएलआरआई हॉल में बुलाकर डिग्री प्रदान की जाएगी। इस तरह सभी 2200 छात्राओं को दीक्षांत समारोह में डिग्री मिलेगी।
इस बार विश्वविद्यालय में पहली बार चांसलर मेडल की शुरुआत की जा रही है। यह मेडल ओवरऑल टॉपर छात्रा को दिया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्राओं में पढ़ाई के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धा बढ़ाना है। वहीं, 53 गोल्ड मेडल यूजी और पीजी की टॉपर छात्राओं को प्रदान किए जाएंगे। डिग्री प्राप्त करने वाली छात्राओं को विश्वविद्यालय की ओर से गाउन और अंगवस्त्र दिया जाएगा। अंगवस्त्र छात्राएं अपने साथ घर ले जा सकेंगी, जबकि गाउन समारोह के बाद वापस करना होगा।
Read Also:Hemant Soren Guwa Visit : आज गुवा आएंगे सीएम, शहीद स्थल पर देंगे श्रद्धांजलि

