
गुमला : शहर स्थित गौस नगर से एक लव ट्रायंगल का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी ही सगी साली से छुपकर शादी रचा ली। जब इस राज से पर्दा उठा, तो घर में बवाल मच गया। मामला पुलिस थाने की चौखट तक पहुंच गया।
घर में हुआ हंगामा, साली पहुंची थाने
जीजा और साली के बीच चल रहे इस गुप्त रिश्ते की भनक परिवार में किसी को नहीं थी। शुक्रवार को जैसे ही पत्नी को इस बात का पता चला, घर में जोरदार हंगामा शुरू हो गया। गुस्से में आकर पत्नी ने अपनी बहन को घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद साली सीधे थाने पहुंच गई और खुद को जीजा की कानूनी पत्नी बताते हुए हक दिलाने की मांग की।
पति ने कुबूली शादी की बात
मामला बिगड़ता देख पुलिस ने पति और उसकी पहली पत्नी को थाने बुलाया। पूछताछ के दौरान पति ने स्वीकार किया कि उसने अपनी साली के साथ कोर्ट मैरिज की है और उसकी मांग में सिंदूर भरा है। उसने दोनों बहनों को एक साथ पत्नी बनाकर रखने की इच्छा जाहिर कर दी। हालांकि, पहली पत्नी अपने रिश्ते को बचाने पर अड़ी रही और उसने पति की दूसरी शादी का कड़ा विरोध किया।
पति ने दिया अजीबोगरीब समझौते का ऑफर
थाने में बढ़ते विवाद को शांत करने के लिए पति ने एक नायाब रास्ता निकाला। उसने पहली पत्नी से कहा-तुम बिल्कुल परेशान मत हो! तुम मेरे साथ इसी घर में रहोगी और मैं साली के लिए अलग से किराए का मकान ले लूंगा।
लेकिन बात यहीं नहीं बनी। साली इस ऑफर से साफ मुकर गई। उसका कहना था कि जब उसने कोर्ट मैरिज की है, तो वह किराए के मकान में क्यों रहेगी। वह अपने पति के साथ उसी के घर में रहेगी।
थाने में घंटों चली पंचायत, नहीं निकला नतीजा
थाने में तीनों के बीच घंटों तक हाई-वोल्टेज ड्रामा और समझौते की कोशिशें चलती रहीं। पहली पत्नी अपना घर बसाना चाहती है, साली पति के घर में एंट्री मांग रही है और पतिदेव दोनों को संभालने का दावा कर रहे हैं। फिलहाल किसी नतीजे पर पहुंचे बिना तीनों वापस लौट गए हैं, लेकिन यह अनोखी प्रेम कहानी पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

