
रांची : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रविवार को लोक भवन में आयोजित ‘एट होम’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के संवैधानिक पदाधिकारी, मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री समेत उपस्थित अतिथियों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
‘एट होम’ कार्यक्रम के दौरान देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। साथ ही देश और राज्य की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा विकास को और मजबूत करने के संकल्प को दोहराया गया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों के बीच राज्य के विकास, जनकल्याण तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अनौपचारिक चर्चा भी हुई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने राज्य के संवैधानिक एवं प्रशासनिक तंत्र के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द का संदेश दिया।

