Jamshedpur : मानगो में होल्डिंग टैक्स में 15 से 20% की वृद्धि का विरोध हो रहा है। भाजपा की उलीडीह मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने साकची में डीसी ऑफिस के सामने प्रदर्शन किया और डीसी को ज्ञापन देकर होल्डिंग टैक्स में हुई बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की। मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि होल्डिंग टैक्स में बढ़ोतरी की यह नई व्यवस्था लोगों को परेशान करने वाली है। इससे फ्लैट में रहने वाले परिवार, पक्के और कच्चे मकान के मालिक, छोटे दुकानदार, शोरूम संचालक, मध्यम वर्ग, व्यवसायिक वर्ग आदि सभी से यह होल्डिंग टैक्स वसूला जाता है। सभी इससे परेशान हो रहे हैं।
मानगो क्षेत्र की वास्तविक स्थिति दयनीय है। यहां के नागरिकों को नगर निगम की तरफ से पानी बिजली साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं ठीक तरह से नहीं प्राप्त हो रही हैं। कई साल से बड़े-बड़े नालों की सफाई नहीं हुई है। इससे नाले का पानी ओवरफ्लो होकर लोगों के घरों में घुस रहा है। मानगो नगर निगम कुछ नहीं कर पा रहा है। शिकायत करने पर कुछ सफाई कर्मी पहुंचकर समस्या का अस्थाई समाधान कर देते हैं।
दो-चार दिन बाद फिर वही स्थिति हो जाती है। लोग परेशान हो गए हैं। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, मानगो में जल संकट गहराता जा रहा है। बूंद बूंद पानी के लिए लोग सुबह से ही बाल्टी लेकर तलाश में जुट जाते हैं। ऐसे में नगर निगम सिर्फ होल्डिंग टैक्स में बढ़ोतरी कर रहा है। यह उचित नहीं है। लोगों की मांग है कि होल्डिंग टैक्स की बढ़ोतरी खत्म की जाए।

