
Ranchi : रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मैच के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत योजना तैयार की गई है।
रांची के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में सोमवार को जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में बैठक हुई। इसमें मैच के सफल और व्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों और जेएससीए पदाधिकारियों के साथ जरूरी तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। दोपहर 3 बजे से दर्शकों के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी। इससे पहले बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास अनावश्यक रूप से जमा नहीं होने देने का निर्देश दिया गया है।
दर्शकों को निर्धारित गेट से कतारबद्ध तरीके से स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे प्रवेश द्वार खुलने से पहले ही निर्धारित स्थान पर पहुंचकर कतार में लगें, ताकि प्रवेश के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। स्टेडियम में प्रतिबंधित वस्तुओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। दर्शकों से अपील की गई है कि वे ऐसी कोई भी वस्तु लेकर स्टेडियम में न आएं, जिस पर प्रवेश के दौरान रोक हो। बैठक में अधिकारियों और जेएससीए पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया। प्रशासन का उद्देश्य मैच के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है।
बैठक में रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, एसडीओ सदर कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण सहित जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने शहरवासियों और क्रिकेट प्रेमियों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है।
Read also Seraikela News : शब्बीर हत्याकांड में लंबे समय से फरार नामजद आरोपी गिरफ्तार, कपाली पुलिस ने दबोचा

