
रांची : अगर आप आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके बेहद काम की है। दक्षिण पूर्व रेलवे के बीरराजपुर स्टेशन पर चल रहे जरूरी विकासात्मक कार्यों के कारण झारखंड से गुजरने वाली रेल सेवाओं पर बड़ा असर पड़ा है। 19 से 23 सितंबर के बीच कुल 20 यात्री ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। इसमें से 16 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, जबकि 4 ट्रेनों के रूट और गंतव्य में कटौती की गई है।
यात्रियों के लिए परेशानी का कारण
रेलवे की इस घोषणा से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में दैनिक यात्रा करने वाले नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और आम यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ सकती है। रद्द ट्रेनों की सूची में ज्यादातर लोकल मेमू और प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं, जो टाटानगर, बरकाकाना, हटिया और आसनसोल जैसे महत्वपूर्ण शहरों को आपस में जोड़ती हैं।
कौन-कौन सी ट्रेनें रहेंगी बंद
रद्द की गई मुख्य गाड़ियों में टाटानगर–बरकाकाना मेमू, आसनसोल–टाटानगर मेमू, खड़कपुर-टाटानगर और हटिया-आदित्यपुर मेमू शामिल हैं। इसके अलावा लंबी दूरी और रोजाना सफर करने वालों की पसंदीदा टाटानगर–हटिया एक्सप्रेस (20 से 22 सितंबर), टाटानगर–बिलासपुर एक्सप्रेस (19 से 21 सितंबर) और झाड़ग्राम–धनबाद एक्सप्रेस (22 सितंबर) भी निर्धारित तारीखों पर पटरी पर नहीं दौड़ेंगी।
आधे रास्ते ही रुकेंगी कुछ ट्रेनें
शॉर्ट टर्मिनेशन व्यवस्था के तहत धनबाद–आदित्यपुर एक्सप्रेस 20 से 22 सितंबर तक केवल आद्रा स्टेशन तक ही जाएगी। इसी तरह आसनसोल-आदित्यपुर एक्सप्रेस को 20 और 22 सितंबर को पुरुलिया स्टेशन पर ही समाप्त कर दिया जाएगा।
रेलवे की सलाह
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों सेसे अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति (लाइव रनिंग स्टेटस) और समय-सारणी की जांच अवश्य कर लें, ताकि स्टेशन पहुंचकर किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।

