
Jamshedpur : टाटा–अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) का कोहरे के कारण प्रस्तावित परिचालन बंद किए जाने के फैसले को लेकर सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद विद्युत वरण महतो से मुलाकात की। भाजपा सिख नेता सतबीर सिंह सोमू के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने ट्रेन का परिचालन बंद नहीं करने और फैसले पर पुनर्विचार कराने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस जमशेदपुर और पूरे कोल्हान को उत्तर भारत से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण रेल सेवा है। इसके परिचालन पर रोक लगने से हजारों यात्रियों के साथ विद्यार्थियों, कामगारों, कारोबारियों और श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है। सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक फॉग-सेफ्टी उपकरण, बेहतर सिग्नलिंग और अन्य सुरक्षा उपायों के जरिए ट्रेन का परिचालन जारी रखने की संभावनाओं पर रेलवे को विचार करना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने टाटानगर–जम्मू तवी एक्सप्रेस का परिचालन प्रतिदिन करने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी।
सांसद विद्युत वरण महतो ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने इस जनहित के मुद्दे पर रेलवे के उच्च अधिकारियों और संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री चंचल भाटिया, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष नवजोत सिंह सोहल, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह शिंदे, इंद्रजीत सिंह, जसवंत सिंह, कर्मजीत सिंह कामे, जगतार सिंह, हैप्पी सिंह, कुलवंत सिंह, कुलवंत सिंह काते समेत भाजपा सिख नेता, सिख समाज के गणमान्य लोग और युवा साथी मौजूद रहे।
Read also –The Photon News Special : गैंगवॉर के खूनी खेल की दहशत, फैमिली रेस्टोरेंट भी महफूज नहीं

