
Jamshedpur : सोनारी के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की जांच अब जमीन कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई के एंगल तक पहुंच गई है। पुलिस जमीन विवाद, पुरानी रंजिश और आपराधिक कनेक्शन समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
डीआईजी ने देर रात SIT के साथ की समीक्षा
घटना के बाद शनिवार देर रात तक कोल्हान डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान गोलमुरी केनरा बैंक डकैती और सोनारी बिंदल मॉल फायरिंग की जांच के लिए गठित एसआईटी से अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली गई।
बैठक में संदिग्धों की पहचान, घटनाक्रम, तकनीकी साक्ष्य और संभावित आपराधिक कनेक्शन से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
डोबो में जमीन कारोबार को लेकर वर्चस्व की आशंका
पुलिस की जांच में कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो में तेजी से बढ़ रहे जमीन कारोबार को भी अहम कड़ी माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, इस क्षेत्र में जमीन कारोबार को लेकर कई प्रभावशाली लोगों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले युवकों की सक्रियता की जानकारी पुलिस को मिली है।
डोबो और सोनारी इलाके में जमीन कारोबार से जुड़े अलग-अलग गुटों के बीच विवाद और पुरानी रंजिश की भी जांच की जा रही है। हालांकि, फायरिंग की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।
शूटरों के साथ सूत्रधारों की तलाश
निखार सबलोक हत्याकांड के बाद बिंदल मॉल जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई फायरिंग ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। घटना में चार युवकों के घायल होने की सूचना है।
पुलिस घायल डोमनिक सैमसन और उसके साथियों के जमीन कारोबार से जुड़े संपर्कों तथा संभावित प्रतिद्वंद्वी गुटों से विवाद की भी पड़ताल कर रही है। जांच का मुख्य फोकस शूटरों की पहचान और घटना के पीछे की पूरी कड़ी का पता लगाने पर है।
Read also – Jamshedpur News: बोकारो से टाटानगर स्टेशन आ कर करता था मोबाइल की चोरी, RPF ने दबोचा

