
Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पंजाबी लाइन में सोमवार को चाकूबाजी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। इस हमले में 22 वर्षीय राहुल तंतूबाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
गौरतलब है कि वर्कर्स कॉलेज के सामने राहुल तंतूबाई पर दो युवकों ने अचानक हमला कर दिया। घायल राहुल ने आरोप लगाया है कि पंजाबी लाइन निवासी रौशन और रवि गोराई ने उन पर चाकू से हमला किया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रौशन के हाथ में चाकू था और उसने राहुल पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद राहुल के मित्र अमन सिंह ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई और फिलहाल उनका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हमला करने वाले युवक डेंड्राइट के नशे में थे और नशे की हालत में उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इधर, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी और युवाओं के बीच बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read also Maoist Surrender: झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता, 16 माओवादियों ने डाले हथियार


