
Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र के दाईगुट्टू में बुधवार देर रात करीब 10:30 बजे गणेश पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे परिसर में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
हंगामा शांत कराने और स्थिति नियंत्रित करने पहुंचे होमगार्ड जवानों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। घटना में कुछ होमगार्ड जवानों के घायल होने की सूचना है।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Crime : 18 लाख की साइबर ठगी मामले में जांच अधिकारी पर गंभीर आरोप, एसएसपी से शिकायत
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। देर रात तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

