
जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में गुरुवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे भीषण डकैती की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हथियारबंद बदमाशों ने बैंक में घुसकर कर्मचारियों और गार्ड को बंधक बना लिया और बैंक के चेस्ट से करीब 43 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। इसके अलावा, बदमाश बैंक में गिरवी रखा गया सोना भी लूट ले गए हैं। हालांकि, अभी मैनेजर अजीत कुमार पुलिस को यह नहीं बता पा रहे हैं कि कितने कीमत का सोना लूटा गया है। अजीत कुमार से पुलिस पूछताछ कर रही है। बैंक मैनेजर का कहना है कि गिरवी रखा सोना कितना था यह दस्तावेज का मिलान करने के बाद पता चलेगा। बदमाशों की संख्या पांच बताई जा रही है।

गोलमुरी पुलिस बैंक लूट
जांच में जुटी पुलिस ने घटना का सीसीटीवी फुटेज हासिल कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे सारे बदमाश नकाब लगाए हुए हैं। बस एक बदमाश का चेहरा पूरा खुला हुआ नजर आ रहा है। पुलिस इस बदमाश का पता लगाने में जुट गई है। बदमाश रेन कोट पहने हुए थे। राज्य भर के सभी थानों में यह फुटेज भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है ताकि इस बदमाश का पता लगाया जा सके। यह फुटेज और तस्वीर पुलिस हेडक्वार्टर भी भेज दी गई है ताकि इसके बारे में आगे कुछ इनपुट मिल सके।

एक घंटे तक बैंक में रह कर बदमाशों ने की लूटपाट
बताया जा रहा है कि बैंक का प्यून सुबह करीब 9:10 बजे बैंक खोलने पहुंचा था। इसी दौरान लगभग साढ़े नौ बजे पांच बदमाश बैंक के अंदर घुस गए और प्यून को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बैंक में आने वाले कर्मचारियों को भी एक-एक कर बंधक बना लिया गया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने गार्ड संतोष कुमार को भी पिस्टल की नोक पर ले लिया था। गार्ड ने विरोध करने की कोशिश की तो उस पर पिस्टल की बट से हमला कर दिया। इससे गार्ड लहूलुहान हो गया। उसे इलाज के लिए पुलिस ने एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है। ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि बदमाशों ने एक घंटे तक बैंक में रह कर लूटपाट की है। बदमाश लगभग साढ़े 10 बजे बैंक से निकल कर भागते देखे गए हैं।

करीब 10 बजे बैंक मैनेजर के पहुंचने पर बदमाशों ने उन्हें भी बंधक बना लिया और कथित तौर पर दबाव डालकर बैंक का चेस्ट खुलवाया। चेस्ट में रखी करीब 43 लाख रुपये की नकदी लेकर सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।

डकैती के दौरान बैंक के सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट किए जाने के बाद बैंक के फर्श पर खून के धब्बे भी देखे गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीण एसपी भी लाव-लश्कर लेकर पहुंचे। गोलमुरी थाना पुलिस के अलावा सीतारामडेरा थान प्रभारी और आसपास के थानों की पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंची। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है। लूटी गई रकम और बदमाशों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। अपडेट जारी है।

गार्ड संतोष कुमार बैंक में ही घायल हालत में मौजूद थे। पुलिस ने पहुंचने के बाद उन्हें पहली मंजिल पर स्थित बैंक से नीचे उतारा और अस्पताल भेजा।

सभी बदमाश बाइक से आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश आसानी से निकल भागे। लूट के रुपये और सोना उन्होंने अपने पिठ्ठू बैग में रख हुआ था।

इलाके के लोगों का कहना है कि जब लूट की इस घटना को अंजाम देने लिए बदमाश बैंक के अंदर घुसे थे तो एक बदमाश बाहर रह कर मोटर साइकिलों की निगरानी कर रहा था। सूत्र बताते हैं कि बदमाश कई दिनों से बैंक की रेकी कर रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग कई दिनों से लगातार बैंक में आते जाते दिख रहे हैं। माना जा रहा है कि यह संदिग्ध युवक हैं। प

एसएसपी एहतेशाम वकारिब ने इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें बना दी हैं। शहर के बाहर जाने वाले सभी रास्तों की नाकेबंदी कर ली गई है। चेकिंग की जा रही है ताकि, बदमाश शहर से भाग नहीं सकें। इसके अलावा, गोलमुरी से शहर के विभिन्न इलाकों में जाने वाले रास्तों पर मौजूद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ताकि, यह पता लगाया जा सके कि बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद किधर भागे थे। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि बाइक से दो बदमाश गोलमुरी मेन रोड की तरफ भागे थे जबकि दो बदमाश गोलमुरी मस्जिद की तरफ जाने वाली सड़क की तरफ गए थे।
क्यों नहीं बजा बैंक का सिक्योरिटी सायरन
गोलमुरी की भरी बाजार में केनरा बैंक लुट गया मगर इसका सिक्योरिटी सायरन नहीं बजा। पुलिस इसे लेकर जांच में जुट गई है। ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल का कहना है कि इस बात की जांच की जा रही है कि आखिर सिक्योरिटी सायरन क्यों नहीं बजा। पुलिस अधिकारी आशंका जाहिर करते हैं कि हो सकता है बदमाशों ने बैंक में घुसने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बंधक बना लिया हो। इस वजह से किसी को सिक्योरिटी सायरन बजाने का मौका ही नहीं मिला है। यही नहीं, बैंक में कैश मौजूद है इसकी जानकारी बदमाशों को कैसे मिली यह भी जांच का विषय है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं बैंक का कोई कर्मी बदमाशों से मिला तो नहीं था और उन्हें सारी जानकारी उपलब्ध करा रहा था। क्योंकि, बदमाश बैंक में मौजूद गिरवी का सोना भी पार कर ले गए हैं। ग्रामीण एसपी का कहना है कि पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
Read Also- Jamshedpur Road Accident LIVE : सड़क दुर्घटना में मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी समेत 4 की मौत

