
Dumaria : पोटका विधायक संजीव सरदार के लगातार प्रयासों के बाद डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन मंगलवार को होगा। झारखंड के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी नवनिर्मित अस्पताल का लोकार्पण करेंगे।
10 पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से डुमरिया प्रखंड की करीब 10 पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। अब ग्रामीणों को सामान्य इलाज और जरूरी जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में डुमरिया में आधुनिक सुविधाओं से लैस इस स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया गया है।
30 बेड के साथ 24 घंटे स्वास्थ्य सेवा
अस्पताल में 30 बेड की व्यवस्था की गई है। यहां मरीजों को विभिन्न प्रकार की रक्त जांच, गैर-संचारी रोगों (NCD) की जांच और उपचार संबंधी सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र भी संचालित किया जाएगा।
अस्पताल में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, जिससे आपात स्थिति में ग्रामीणों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
टीबी, मलेरिया और पीलिया की जांच होगी
अस्पताल परिसर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भी संचालित होगी। यहां टीबी, मलेरिया, पीलिया (जॉन्डिस) समेत कई जरूरी स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी।
स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा शुरू होने से ग्रामीणों को बीमारी की पहचान और उपचार के लिए दूसरे शहरों या बड़े अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी। विधायक संजीव सरदार के प्रयासों से तैयार यह स्वास्थ्य केंद्र डुमरिया क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

