Home » Jamshedpur News: बालीगुमा में रंगदारी देने से मना करने पर बदमाशों ने धावा बोल कर साईं कॉम्प्लेक्स के फ्लैट से साढ़े तीन लाख उड़ाए, तोड़-फोड़ भी की

Jamshedpur News: बालीगुमा में रंगदारी देने से मना करने पर बदमाशों ने धावा बोल कर साईं कॉम्प्लेक्स के फ्लैट से साढ़े तीन लाख उड़ाए, तोड़-फोड़ भी की

by Mujtaba Haider Rizvi
mango loot in baliguma
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत बालीगुमा स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में रविवार की रात बदमाशों ने तीसरे फ्लोर पर रहने वाले नीतीश कुमार के फ्लैट का ताला तोड़कर करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद पार कर दिए हैं। इसके बाद फ्लैट में जमकर तोड़फोड़ भी की गई है।

पीड़ित नीतीश कुमार ने इस मामले में आदित्यपुर के रहने वाले अशोक कुमार मांझी और मानगो के निवासी दीपक गुप्ता समेत 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ एमजीएम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि रंगदारी नहीं देने की वजह से उनके फ्लैट में इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया‌ है।

नीतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि वे मूल रूप से लातेहार जिले के रहने वाले हैं और पिछले सात साल से बालीगुमा स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में रह रहे हैं। वे अपने फ्लैट से “एनके इंटरप्राइजेज” नामक कंपनी चलाते हैं। इसके जरिए वह ऑनलाइन हाइवा, पोकलेन समेत अन्य भारी वाहनों की खरीद-बिक्री का कारोबार करते हैं।

नीतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि पिछले चार दिनों से अशोक मांझी लगातार फोन कर उनसे रंगदारी की मांग कर रहे थे। रंगदारी नहीं देने पर उन्हें घर से उठवा लेने की धमकी भी दी गई थी। रविवार शाम करीब सात बजे उन्होंने अशोक मांझी को साकची में मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन किसी जरूरी काम के कारण वे वहां नहीं पहुंच सके।

कुछ ही घंटों बाद सोसायटी में रहने वाले लोगों ने फोन कर नीतीश कुमार को सूचना दी कि कुछ लोग उनके फ्लैट में घुसकर तोड़फोड़ कर रहे हैं। बताया गया कि बदमाश बिहार नंबर की तीन स्कॉर्पियो और झारखंड नंबर की एक सफारी गाड़ी से आए थे।

सूचना मिलते ही नीतीश कुमार फ्लैट पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। उनका आरोप है कि सभी बदमाश हथियारों से लैस थे। पूरी घटना सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

फिलहाल एमजीएम थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

Related Articles