Home » Jamshedpur News : मरीन ड्राइव हादसे के बाद झारखंड में सड़क किनारे पार्किंग पर सख्ती, परिवहन मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश

Jamshedpur News : मरीन ड्राइव हादसे के बाद झारखंड में सड़क किनारे पार्किंग पर सख्ती, परिवहन मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश

Jamshedpur News : जमशेदपुर के मरीन ड्राइव में 24 सितंबर की तड़के एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई थी।

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur Marine Drive Accident and Roadside Parking Action
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : मरीन ड्राइव में सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार की टक्कर में चार लोगों की मौत की घटना के बाद झारखंड परिवहन विभाग ने सड़क पर वाहनों की अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ सख्ती शुरू करने के निर्देश दिए हैं। परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने रविवार को सोशल मीडिया के माध्यम से राज्यवासियों से मुख्य सड़कों और सहायक मार्गों पर वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की।

परिवहन मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि सड़क किनारे होने वाली अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया जाए। इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) और मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआइ) की सेवाएं लेने को कहा गया है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि आज से सड़क पर वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्य और सहायक सड़कों पर वाहन खड़े रहने से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। उन्होंने गैराज और वाशिंग सेंटर संचालकों के साथ-साथ युवाओं से भी सड़क को पार्किंग स्थल के रूप में इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।

मरीन ड्राइव हादसे में चार लोगों की हुई थी मौत

जमशेदपुर के मरीन ड्राइव में 24 सितंबर की तड़के एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल थीं।

हादसे के बाद सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों और यातायात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। इसी घटना की पृष्ठभूमि में अब परिवहन विभाग ने राज्यभर में सड़क किनारे होने वाली अनधिकृत पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

परिवहन मंत्री ने उपायुक्तों से स्थानीय स्तर पर अभियान चलाकर डीटीओ और एमवीआइ के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क को आवागमन के लिए खुला रखें और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें, ताकि यातायात बाधित होने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

Read Also: Potka News : चांगिरा में फुटबॉल का महासंग्राम, 48 टीमों ने लिया हिस्सा, खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे विधायक संजीव सरदार

Related Articles

Leave a Comment