
Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर में एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित धर्माबांधा में मंगलवार देर रात घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। पति द्वारा किए गए कथित हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका का नाम गीता मंडल (40) है। जबकि आरोपी उसका पति बापी मंडल बताया गया है।
गौरतलब है कि मंगलवार को रात में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बापी मंडल ने कथित तौर पर खलबट्टे से गीता के सिर पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी बापी मंडल डिमना रोड क्षेत्र में एक होटल का संचालन करता है। बताया जाता है कि बापी और गीता दोनों की यह दूसरी शादी थी। बापी के दो बच्चे हैं, जबकि गीता भी अपने पूर्व पति से अलग रह रही थी।
युवक से बात करने को लेकर था विवाद
पुलिस को दिए गए बयान में बापी मंडल ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से गीता की बारीडीह निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इस मुद्दे पर पहले भी कई बार कहासुनी हुई थी और मामला थाना तक पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था।
झगड़े के दौरान हुई हत्या
बताया जा रहा है कि मंगलवार को रात में इसी विषय को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर बापी मंडल ने खलबट्टे से गीता के सिर पर वार कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

