
Jamshedpur : जमशेदपुर में हत्या की एक और घटना हुई है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छाया नगर में युवक की हत्या कर शव एक दुकान के बाहर फेंक दिया गया। मंगलवार को सुबह लोग उधर गए तब घटना की जानकारी हुई। इसके बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गई। युवक के गले पर रस्सी के निशान हैं। माना जा रहा है कि युवक की गला घोट कर हत्या की गई है। घटना कहां हुई है। पुलिस इसका पता लगा रही है। हो सकता है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और शव यहां लाकर फेंक दिया गया।
सीतारामडेरा थाना प्रभारी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि जिस युवक की हत्या हुई है, उसका नाम चंदन है। वह आपराधिक किस्म का था।
कुछ दिनों पहले पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह जेल से छूट कर बाहर आया था। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। सीतारामडेरा थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि हत्या की घटना को कैसे अंजाम दिया गया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात को चंदन अपने ससुराल भी गया था। उसकी सास ने खाने के लिए पूछा तो चंदन ने कहा कि उसका पेट भरा हुआ है। सास ने कहा कि यहीं सो जाओ। लेकिन वह ससुराल में नहीं सोया और बोला कि घर जा रहे हैं। सुबह थोड़ी दूर पर उसकी लाश मिली।
Read also – मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड पर सड़क निर्माण को लेकर भिड़े मेयर व पार्षद समर्थक

