
Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र में हलुदबनी से नामो टोला के बीच सोमवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में जा गिरी। कार में बीमार वृद्धा समेत चार लोग सवार थे, जिन्हें स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
परिजनों के अनुसार, वृद्धा की हालत गंभीर थी और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में चालक मोबाइल पर नेविगेशन मैप देख रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर को रास्ता देने के प्रयास में कार सड़क से नीचे उतर गई। चालक नियंत्रण संभाल पाता, इससे पहले कार करीब तीन बार पलटते हुए गहरे पानी में समा गई।
हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार के शीशे और दरवाजे तोड़कर चारों को बाहर निकाला। सभी को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलने पर परसुडीह पुलिस भी मौके पर पहुंची और वाहन को तालाब से निकालने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

